Apr 18 2026 / 4:33 PM

वीडी शर्मा ने संगठन का कचरा कर दिया और तुगलक बन गए, छतरपुर में चमड़े के सिक्के चलवाकर अपना नाम अमर कर लिया !

भोपाल | भाजपा के खजुराहो सांसद और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष वी.डी. शर्मा को लेकर पार्टी के भीतर ही नाराज़गी खुलकर सामने आ गई है। भाजपा के पूर्व विधायक पुष्पेंद्रनाथ उर्फ गुड्डन पाठक ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर शर्मा को “तुगलक” बताया और संगठन में उनकी कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

गुड्डन पाठक ने वी.डी. शर्मा को जन्मदिन की बधाई देते हुए फेसबुक पर लिखा —

“जैसे भारतीय इतिहास में सनकी सुल्तान मोहम्मद बिन तुगलक ने चमड़े के सिक्के चलवाकर अपना नाम दर्ज किया, वैसे ही आपने छतरपुर में चमड़े के सिक्के चलवाकर अपना नाम अमर कर लिया।”

उन्होंने आगे लिखा कि,

“हर मुलाकात में हमने छतरपुर जिले की संगठनात्मक समस्याओं से आपको अवगत कराया और समाधान भी सुझाया, लेकिन पिछले तीन साल से कोई सुनवाई नहीं हुई।”

पूर्व विधायक ने इस पोस्ट में सीधे तौर पर आरोप लगाया कि वीडी शर्मा के कार्यकाल में संगठन कमजोर हुआ और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को किनारे कर दिया गया।

“वीडी शर्मा के कार्यकाल में संगठन का कचरा हो गया था। उन्होंने सिर्फ करीबियों को उपकृत किया, पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी की,” — गुड्डन पाठक ने पत्रिका संवाददाता से बातचीत में कहा।

उधर, सांसद वी.डी. शर्मा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा —

“गुड्डन मेरे पारिवारिक और अच्छे मित्र हैं। वे समय-समय पर सलाह देते हैं, और उनकी राय पर विचार किया जाएगा।”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान भाजपा के अंदर बढ़ते “संगठनात्मक असंतोष” की झलक दिखाता है। शर्मा पर पहले भी आरोप लग चुके हैं कि प्रदेशाध्यक्ष रहते उन्होंने पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर अपनी टीम को आगे बढ़ाया।

अब गुड्डन पाठक की यह टिप्पणी भाजपा के अंदरूनी समीकरणों को फिर से हिला सकती है।

Share With

मध्यप्रदेश