Oct 27 2026 / 6:13 PM

इंदौर में VIP नंबर का क्रेज! ₹1 लाख बेस प्राइस वाला 0001 नंबर ₹5.63 लाख में बिका

इंदौर में गाड़ियों के वीआईपी नंबरों को लेकर लोगों की दीवानगी एक बार फिर देखने को मिली है। आरटीओ की ई-नीलामी में 0001 नंबर की बोली ₹5.63 लाख तक पहुंच गई। खास बात यह है कि करीब तीन साल बाद इस नंबर की कीमत फिर ₹5 लाख के पार पहुंची है।

MP-09 BZ सीरीज के इस नंबर को खरीदने के लिए चार दावेदार मैदान में थे। ₹1 लाख की शुरुआती कीमत से शुरू हुई बोली आखिरकार ₹5.63 लाख पर जाकर रुकी। इस सप्ताह यह नंबर अंकित मुकाती के नाम अलॉट हुआ है।

श्राद्ध पक्ष में भी VIP नंबरों की भारी डिमांड

दिलचस्प बात यह है कि श्राद्ध पक्ष में लगातार दूसरे सप्ताह 0001 नंबर लाखों रुपये में बिका है। पिछले सप्ताह यही नंबर ₹4.40 लाख में अलॉट हुआ था। इस गुरुवार की नीलामी में कुल 104 नंबरों पर बोली लगी।

नवरात्र, दशहरा, धनतेरस और दीपावली पर नए वाहन खरीदने की तैयारी कर रहे लोग पहले से ही अपनी पसंद के फैंसी नंबर बुक कर रहे हैं।

देखिए, इंदौर में और कौन-से VIP नंबर कितने में बिके:

  • 0001: ₹5.63 लाख
  • 9999: ₹1.20 लाख
  • 0008: ₹62,000
  • 0009: ₹61,000
  • 9009: ₹43,500
  • 7777: ₹41,500

अब सवाल यह है कि आखिर गाड़ियों के एक खास नंबर के लिए लोग लाखों रुपये खर्च करने को क्यों तैयार हैं? किसी के लिए यह स्टेटस सिंबल है, तो किसी के लिए पसंद और शुभ अंक का मामला।

आप बताइए, अगर आपके पास ₹5.63 लाख हों, तो आप VIP नंबर खरीदेंगे या इस रकम से एक नई गाड़ी लेना पसंद करेंगे?

Share With

मध्यप्रदेश