आंध्र प्रदेश में दर्दनाक हादसा: हाईवे पर बस में लगी आग, 20 लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को मातम में डुबो दिया। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक निजी बस में आग लगने से कम से कम 20 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 3:30 बजे चिन्नाटेकुर गांव के पास NH-44 पर हुआ। बस की सामने से आ रही एक बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस के नीचे जा फंसी और फ्यूल टैंक फटने से बस में आग लग गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग कुछ ही मिनटों में पूरी बस में फैल गई। करीब 19 यात्रियों ने किसी तरह कूदकर या इमरजेंसी गेट तोड़कर जान बचाई, जबकि बाकी यात्री अंदर ही फंस गए। कई शव पूरी तरह जल चुके हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो गया है। झुलसे लोगों को कुर्नूल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में बाइक सवार शिवशंकर नामक युवक की भी मौके पर मौत हो गई। बस कंपनी और ड्राइवर के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि 10 दिन पहले राजस्थान के जैसलमेर में भी इसी तरह की बस आग की घटना में 22 लोगों की जान गई थी। दो राज्यों में इतने कम समय के भीतर ऐसे हादसों ने बस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
