Jul 29 2026 / 6:11 AM

“सीसीटीवी से बचने के लिए कपड़े नर्मदा में बहाए, चुराए जेवर जमीन में गाड़े – 30 लाख की चोरी में गिरफ्तार हुआ शातिर चोर”

इंदौर। विजयनगर पुलिस ने एक शातिर चोर दीपक बंसल को गिरफ्तार किया है, जो इंदौर की पॉश कॉलोनियों में चोरी कर लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। चोरी के बाद पहचान छुपाने के लिए उसने नर्मदा नदी में अपने कपड़े बहा दिए और लाखों के जेवरात से भरा बैग जमीन में गाड़ दिया।

एसीपी आदित्य पटले के मुताबिक, 4 सितंबर को स्कीम-74 निवासी जगदीश पांडा के घर में उस वक्त चोरी हुई, जब वे अपने माता-पिता की देखभाल के लिए उड़ीसा गए हुए थे। 20 सितंबर को लौटने पर उन्होंने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चोर ने घर का लॉकर तोड़कर करीब 25 हजार रुपये नकद और लगभग 30 लाख रुपये के गहने चुरा लिए थे। साथ ही घर में लगा डीवीआर भी निकाल ले गया ताकि सीसीटीवी फुटेज न मिले।

पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो कई जगह कैमरे बंद मिले, लेकिन बैक-ट्रैकिंग के दौरान आरोपी दीपक बंसल (निवासी मदर इंडिया कॉलोनी, इदगाह हिल्स, भोपाल) की तस्वीरें सामने आ गईं।

दीपक पर पहले से ही इंदौर के लसूड़िया, कनाड़िया, विजयनगर और एमआईजी थानों में चोरी के 19 मामले दर्ज हैं। कुछ माह पहले ही वह कृष्णबाग कॉलोनी में रहने आया था और तीन महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था।

विजयनगर पुलिस की टीम ने उसे खंडवा जिले के खड़की गांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह अकेले ही चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। रंगाई-पुताई का काम दिखाकर वह खाली घरों की रेकी करता और मौका मिलते ही ताले तोड़कर चोरी कर लेता था। हमेशा एक बैग में औजार (टॉमी) लेकर चलता था।

जगदीश के घर से चोरी किए गए जेवर उसने अपनी मौसी को दिए थे, जिन्होंने बाद में वे आभूषण जमीन में गाड़ दिए। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि सीसीटीवी में रिकॉर्ड न हो, इसलिए उसने रास्ते में कपड़े बदले और उन्हें नर्मदा नदी में बहा दिया।

Share With

मध्यप्रदेश