Jul 30 2026 / 6:26 AM

इंदौर में निकलेगा आरएसएस का भव्य पथ संचलन

दो लाख से अधिक स्वयंसेवकों के शामिल होने की संभावना, सह सरकार्यवाह अरुण कुमार रहेंगे मौजूद

इंदौर।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का वार्षिक विजयादशमी पथ संचलन इस बार इंदौर में विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। अनुमान है कि करीब दो लाख से अधिक स्वयंसेवक इसमें कदमताल करते नज़र आएंगे। खास बात यह है कि संघ के अखिल भारतीय सह सरकार्यवाह अरुण कुमार भी शामिल होंगे। वे कनाडिया क्षेत्र से निकलने वाले संचलन में उपस्थित रहेंगे।

शहरभर में कल 34 अलग-अलग स्थानों से पथ संचलन प्रारंभ होगा। कुछ संचलन सुबह 8 से 8:30 बजे के बीच निकलेंगे, वहीं कुछ का आयोजन दोपहर बाद यानी 4 बजे के बाद किया जाएगा।

इस बार की खास बातें

  • संघ अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है, ऐसे में स्वयंसेवकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
  • लंबे समय बाद अखिल भारतीय स्तर का पदाधिकारी इंदौर के पथ संचलन में शामिल होगा।
  • संघ सूत्रों के अनुसार, अरुण कुमार इस अवसर पर हजारों स्वयंसेवकों को शताब्दी वर्ष का संदेश देंगे।

पेशेवरों को दिया गया न्योता

इस बार पथ संचलन में व्यापारी, उद्योगपति, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, कॉर्पोरेट कर्मचारी और अन्य पेशेवर वर्ग को भी विशेष आमंत्रण दिया गया है। सभी प्रतिभागी संघ के पारंपरिक गणवेश में होंगे।

बुजुर्ग स्वयंसेवकों के लिए व्यवस्था

70 से 80 वर्ष की आयु वाले वरिष्ठ स्वयंसेवकों के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। वे छतों और मंचों से पथ संचलन का स्वागत करेंगे और पूर्ण गणवेश में समारोह का हिस्सा बनेंगे।

स्वागत और तैयारियां

  • पथ संचलन के मार्गों को भगवा पताकाओं से सजाया जाएगा।
  • महिलाओं की ओर से पुष्पवर्षा और आरती की तैयारी है।
  • ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस और स्वयंसेवक मिलकर विशेष योजना बनाए हुए हैं।

एक लाख नई गणवेश

संघ ने इस अवसर के लिए एक लाख नई गणवेश तैयार की है, जो स्वयंसेवकों तक पहुंच चुकी हैं। पिछले साल जहां लगभग 65 हजार स्वयंसेवक शामिल हुए थे, वहीं इस बार डेढ़ से दो लाख स्वयंसेवकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य है।

Share With

मध्यप्रदेश