नेता प्रतिपक्ष निगमायुक्त से बोले निगम में चारों तरफ भ्रष्टाचार, सभी जगह लगे CCTV; सड़कों पर भी चिंता जताई
इंदौर। मंगलवार को नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे कांग्रेस पार्षद दल के साथ निगमायुक्त दिलीप कुमार यादव से मिले। मुलाकात के दौरान चौकसे और पार्षदों ने शहर की प्रमुख समस्याओं जैसे गड्ढों से खराब सड़कों, भ्रष्टाचार पर निगरानी और सर्विस रोड की दिक्कतों को सामने रखा। इस पर आयुक्त यादव ने आश्वासन दिया कि हर मुद्दे पर पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्यवाही होगी।
शहर को गड्ढों से मुक्त करने पर जोर
नेता प्रतिपक्ष चौकसे ने कहा कि दीपावली से पहले शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने निगमायुक्त से निवेदन किया कि इस पर युद्ध स्तर की प्लानिंग बनाई जाए। इस पर आयुक्त यादव ने कहा कि अक्टूबर माह में पेंचवर्क और मरम्मत अभियान चलाया जा रहा है और लक्ष्य यही है कि त्योहारों से पहले शहरवासियों को बेहतर सड़कें मिलें।
पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी का सुझाव
चौकसे ने निगम कार्यालयों और जोनल ऑफिस में सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी। आयुक्त यादव ने इस सुझाव को सराहा और कहा कि प्रणाली को और ज्यादा पारदर्शी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
सर्विस रोड सुधार पर निर्देश
बैठक में सर्विस रोड की खस्ताहालत पर भी चर्चा हुई। चौकसे ने बताया कि ब्रिज निर्माण के दौरान सर्विस रोड बिगड़ गई हैं और इससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्विस रोड के सुधार कार्य को तुरंत प्राथमिकता में लिया जाए।
बैठक के अंत में निगमायुक्त यादव ने कहा कि “नगर निगम जनता की सुविधा के लिए है। विपक्ष हो या पक्ष, सभी मिलकर शहर की बेहतरी के लिए काम करेंगे। हर समस्या का समाधान तय समय पर होगा।”
इस दौरान कांग्रेस पार्षद दल के कई सदस्य मौजूद रहे।
