Jul 30 2026 / 6:31 AM

पाथ ग्रुप पर ईडी कार्रवाई: पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय का नाम आया सामने

इंदौर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी पाथ ग्रुप पर जारी है। महू माल रोड स्थित बंगला नंबर 76 पर ईडी की टीम जांच कर रही है। मंगलवार सुबह से शुरू हुई इस छापेमारी ने प्रदेश की राजनीति और कारोबारी जगत में हलचल मचा दी है।

दैनिक भास्कर के अनुसार, यह कार्रवाई अनिल अंबानी के लोन घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। करोड़ों रुपए डमी कंपनियों के जरिए दुबई भेजे जाने का मामला सामने आया है। इसी को लेकर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी मुद्रा कानून के तहत छापा मारा है।

आकाश विजयवर्गीय का नाम आया जांच में

ईडी की जांच में गुना-श्योपुर पाथवेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का भी जिक्र है। दैनिक भास्कर के अनुसार इस कंपनी में भाजपा नेता और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय 30 सितंबर 2017 से डायरेक्टर पद पर हैं। यही नहीं, इस कंपनी में उनके पिता और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के भाई भी नॉमिनी डायरेक्टर हैं। खास बात यह है कि आकाश विजयवर्गीय ने वर्ष 2018 विधानसभा चुनाव में दाखिल शपथ पत्र में भी इस कंपनी की हिस्सेदारी का जिक्र किया था। उनके पास करीब 3.55 लाख रुपए की हिस्सेदारी दर्ज है।

पाथ ग्रुप और विवादों का पुराना रिश्ता

पाथ ग्रुप देशभर में हाईवे निर्माण, टोल और अन्य कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स से जुड़ा है। कंपनी के डायरेक्टर्स में नितिन, निपुन, सक्षम, नीति और संतोष अग्रवाल शामिल हैं। इसके अलावा कई स्वतंत्र निदेशक भी बोर्ड में जुड़े हुए हैं।
इससे पहले भी पाथ ग्रुप पर करीब 10 साल पहले आयकर विभाग की कार्रवाई हो चुकी है।

खनन घोटाले से भी जुड़ा नाम

पाथ ग्रुप हरदा जिले के खनन विवाद में भी चर्चाओं में आया था। रहटगांव तहसील में कंपनी पर 51.67 करोड़ रुपए के अवैध खनन का आरोप लगा था। हालांकि बाद में तत्कालीन अपर कलेक्टर डॉ. नागार्जुन गौड़ा ने यह पेनल्टी घटाकर मात्र 4,032 रुपए कर दी। दैनिक भास्कर के अनुसार इसी को लेकर भी कंपनी और अफसरों की मिलीभगत के चर्चे रहे।

Share With

मध्यप्रदेश