इंदौर सेंट्रल जेल में डेंगू का खतरा! 50 से ज्यादा कैदी बीमार, 3 में पुष्टि
इंदौर। इंदौर की सेंट्रल जेल में कैदियों के बीमार होने का मामला सामने आया है। 50 से ज्यादा कैदियों की तबीयत बिगड़ने के बाद हुई जांच में 3 कैदियों में डेंगू की पुष्टि हुई है, जबकि अधिकांश कैदियों को टाइफाइड होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, 2 अक्टूबर को बुखार से पीड़ित एक कैदी की मौत हो गई थी। हालांकि, उसकी मौत डेंगू से होने की पुष्टि नहीं हुई। मौत की वजह सिकल सेल एनीमिया बताई गई है।
इसके बाद जेल में अन्य कैदियों को बुखार आने पर जेल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। बीमार कैदियों को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां जांच के दौरान तीन कैदियों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 4 अक्टूबर से जेल परिसर में डेंगू के लार्वा को नष्ट करने का अभियान शुरू किया। बीते 15 दिनों में 32 कैदियों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से फिलहाल 18 कैदियों का उपचार जारी है।
अब सवाल यह है कि जेल परिसर में मच्छरों के लार्वा पनपने की स्थिति कैसे बनी और कैदियों को संक्रमण से बचाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
