Apr 18 2026 / 4:34 PM

इंदौर में नकली घी का काला कारोबार: 3400 किलो मिलावटी घी जब्त, फैक्ट्री सील

इंदौर। स्वाद के लिए मशहूर इंदौर में अब मिलावटखोरों ने लोगों की सेहत से खिलवाड़ शुरू कर दिया है। बुधवार को खाद्य विभाग और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने पालदा स्थित ‘श्री राम मिल्क फूड डेयरी’ पर छापा मारते हुए करीब 3400 किलोग्राम मिलावटी घी जब्त किया।

जांच में पता चला कि घी में वनस्पति तेल और पाम ऑयल मिलाकर उसे शुद्ध घी के नाम पर बेचा जा रहा था। मौके से 1300 किलो खुला घी और 1700 किलो ‘मदर चॉइस’ ब्रांड नाम से पैक किया गया घी, साथ ही निर्माण उपकरण, कच्चा माल और पैकेजिंग मशीनें बरामद की गईं।

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में जब्त घी की अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

प्रारंभिक जांच में घी में मिलावट की पुष्टि हुई है। अधिकारी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फैक्ट्री संचालक नरेंद्र गुप्ता मौके से पकड़ा गया है।

Share With

मध्यप्रदेश