इंदौर : गरबे से लौट रही बच्ची से गैंगरेप का प्रयास, शोर मचाने पर भागे आरोपी
इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां गरबा देखकर घर लौट रही 12 वर्षीय बच्ची को चार नाबालिग लड़कों ने हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। लेकिन बच्ची की हिम्मत और शोर मचाने से आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों नाबालिगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और अन्य की तलाश जारी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में, छठी कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि वह 27 सितंबर की रात अपनी सहेली के साथ गरबा देखने गई थी। रात करीब 11 बजे जब दोनों घर लौट रही थीं, तो सहेली रास्ते में अपने घर चली गई। जब पीड़िता पंचायत भवन के पास से अकेले गुजर रही थी, तो वहां मौजूद चार नाबालिग लड़कों ने उसे रोका। आरोपियों में से एक पीड़िता का परिचित था, जिसके आवाज देने पर वह रुक गई। मौके का फायदा उठाकर चारों लड़कों ने बच्ची का मुंह और हाथ दबा दिया और उसे जबरदस्ती पंचायत भवन की ओर खींचकर ले जाने लगे। वहां उन्होंने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
ऐसे बची बच्ची की आबरू
आरोपी अपनी नापाक कोशिशों को अंजाम दे पाते, उससे पहले ही रास्ते से कुछ महिलाओं के गुजरने की आवाज आई। यह सुनकर बच्ची ने हिम्मत जुटाई और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही चारों आरोपी घबरा गए और उसे छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए।
परिवार ने दर्ज कराई एफआईआर
डरी-सहमी बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची और अपनी मां को आपबीती सुनाई। अगले दिन, रविवार को परिजन बच्ची को लेकर तेजाजी नगर थाने पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और चारों नाबालिग आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
