Apr 18 2026 / 4:21 PM

पत्नी ने मुस्लिम प्रेमी के साथ रची साजिश, पति की हत्या कर प्रेमी के साथ रहने लगी

पति का मिल कंकाल, 6 महीने बाद खुला राज! गुमशुदगी की रिपोर्ट करने वाली पत्नी ही निकली साजिश में शामिल?

देवरीकलां। देवरी नगर में अवैध संबंधों से जुड़ी एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जिस पति की पत्नी ने छह महीने पहले गुमशुदगी दर्ज कराई थी, अब उसी पति का कंकाल एक स्कूल के पास से बरामद हुआ है। पुलिस खुलासे के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है।

मृतक प्रिंस मूल रूप से सागर का रहने वाला था और पत्नी के साथ देवरी में रह रहा था। 20 अगस्त को वह अचानक लापता हो गया था। पत्नी तुलसी बाई ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो कहानी कुछ और ही निकली।

जांच में खुला ‘लव-ट्राएंगल’ का एंगल

पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि प्रिंस की पत्नी का देवरी के ही एक युवक शोएब से संपर्क था। प्रिंस के गायब होने के बाद शोएब भी अचानक लापता हो गया, जिससे जांच की सुई सीधे उसी पर जा टिकी। पुलिस के मुताबिक शोएब पिता नवाब खान, निवासी गांधी वार्ड, मृतक की पत्नी के संपर्क में लगातार था।

शोएब को गुजरात से गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो पूरी साजिश सामने आ गई। पुलिस अब मृतक की पत्नी की तलाश में है, जिसकी लोकेशन भी गुजरात की बताई जा रही है।

हत्या के बाद सूरत में साथ रहने लगे

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी और मृतक की पत्नी सूरत में साथ रह रहे थे। दोनों के बीच झगड़े और मोबाइल से मिले आपत्तिजनक वीडियो-कॉल डिटेल ने भी संबंधों की पुष्टि की है। जांच में यह भी सामने आया कि प्रिंस को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई थी।

शराब पार्टी… फिर पत्थरों से वार

पूछताछ में खुलासा हुआ कि 20 अगस्त 2025 को शोएब प्रिंस को एक स्कूल मैदान में लेकर गया। दोनों ने शराब पी, और मौका मिलते ही शोएब ने पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

कंकाल छिपाने के लिए रची खौफनाक योजना

हत्या के बाद शव को पास के पुराने टॉयलेट के गड्ढे में फेंक दिया गया। ऊपर नमक और कचरा डालकर उसे जल्द गलाने की कोशिश की गई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस को खोपड़ी, पसलियां और हाथ की हड्डियां बरामद हुई हैं। डीएनए जांच कर पहचान की पुष्टि की जाएगी।

अस्पताल से भागा आरोपी, फिर दबोचा गया

कुछ दिन पहले आरोपी का ट्रैक्टर एक्सीडेंट हो गया था और वह अस्पताल में भर्ती था। पुलिस की भनक लगते ही वह अस्पताल से फरार हो गया, लेकिन आखिरकार हिरासत में ले लिया गया।

थाना प्रभारी समरथ सीनम के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला हत्या और सबूत मिटाने का है। पुलिस हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Share With

मध्यप्रदेश