आबकारी अधिकारी के घरों पर लोकायुक्त का शिकंजा: इंदौर और ग्वालियर में एक साथ छापेमारी
इंदौर/ग्वालियर: मध्य प्रदेश लोकायुक्त ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए रिटायर्ड आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया के इंदौर और ग्वालियर स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई कुल पांच ठिकानों पर की गई, जिसमें भदौरिया के फ्लैट, कार्यालय और आवासीय परिसर शामिल हैं।
लोकायुक्त की टीम ने इंदौर के ओल्ड पलासिया क्षेत्र में स्थित उनके फ्लैट, एक बिजनेस पार्क में मौजूद दफ्तर और एरोड्रम रोड पर एक अन्य ठिकाने पर तलाशी अभियान चलाया। साथ ही, ग्वालियर के इंद्रमणि नगर में स्थित उनके निजी निवास पर भी छापा मारा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छापों के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में नकदी और सोना बरामद हुआ है। इसके अलावा संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। लोकायुक्त की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के आधार पर की गई है।
बता दें कि धर्मेंद्र भदौरिया अगस्त 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे। इससे पहले 2020 में शराब ठेकों की नीलामी प्रक्रिया में कथित लापरवाही के चलते उन्हें निलंबन का सामना करना पड़ा था।
