तीन दिन में खत्म करो ब्लैक स्पॉट, मैं खुद करूंगा निरीक्षण — कलेक्टर शिवम वर्मा सख्त
शहर की सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हुई समीक्षा बैठक
इंदौर।
शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा ने गुरुवार देर शाम सख्ती दिखाई। सड़क सुरक्षा को लेकर आयोजित बैठक में उन्होंने एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी और एमपीआरडीसी के अधिकारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहा — “तीन दिन में सभी ब्लैक स्पॉट्स पर काम पूरा करें, वरना कार्रवाई तय है।”
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिन्हित 33 ब्लैक स्पॉट्स पर युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया जाए। इन स्थानों पर तीन दिनों के भीतर साइनेज, स्ट्रीट लाइट और रंबल स्ट्रिप्स लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने साफ कहा कि “किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी,” और यह भी ऐलान किया कि तीन दिन बाद वे खुद इन स्थलों का निरीक्षण करेंगे।
बैठक में एडीएम रोशन राय, नगर निगम, यातायात पुलिस, नेशनल हाईवे और एमपीआरडीसी के अधिकारी उपस्थित थे।
इन 33 ब्लैक स्पॉट्स पर होगा सुधार कार्य
जिला प्रशासन द्वारा चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स में शामिल हैं —
लवकुश चौराहा, रिजलाय फाटा धार रोड, देवास नाका चौराहा, बेस्ट प्राइज बायपास रोड, ओमेक्स सिटी बायपास, डेक्थनाल बायपास, टाटा शोरूम एबी रोड, बिचौली मर्दाना ब्रिज, तीन इमली चौराहा, रालामंडल बायपास, तेजाजी नगर ब्रिज, कैलोद करताल फाटा, राऊ गोल चौराहा, आईटी पार्क चौराहा, विशेष जूपिटर हॉस्पिटल रिंग रोड, प्रभु तौल कांटा नेमावर रोड, ट्रेंचिंग ग्राउंड देवगुराड़िया, ग्राम माचल, महू-नीचम रोड घाटाबिल्लौद, काला सूरा फाटा धार रोड, भैरुघाट पुलिया ग्राम कालाकिराय, अर्जुन बरोदा डकाच्या, बुड़ी बरलाई एबी रोड, कल्याण मिल, लसुड़िया परसार, टीही पुलिया फोरलेन, पिगडंबर, मां वैष्णो ढाबा, इंदौर–खंडवा रोड भैरुघाट, इंदौर–खंडवा बाइ ग्राम, और दुधिया पावर हाउस नेमावर रोड।
कलेक्टर ने कहा कि इन सभी स्थानों पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी और स्थायी उपाय किए जाएं, ताकि इंदौर को एक सुरक्षित ट्रैफिक मॉडल सिटी के रूप में विकसित किया जा सके।
