निगमायुक्त ने मां कालिका से की निगम कर्मचारियों की सुरक्षा की कामना
42 साल की परंपरा में पहली बार पहुंचे निगमायुक्त
इंदौर।
स्वच्छता और सुरक्षा की दिशा में एक नई मिसाल कायम करते हुए, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने विजयादशमी के पावन अवसर पर जोन क्रमांक 3 में आयोजित पारंपरिक पूजन कार्यक्रम में पहली बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यह आयोजन निगम कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए पिछले 42 वर्षों से परंपरागत रूप से किया जाता रहा है।
इस पूजन में मां कालिका का आव्हान कर नगर निगम के चेंबर सफाई कर्मचारियों और ड्रेनेज टीमों की सुरक्षित और निरापद कार्यप्रणाली की प्रार्थना की जाती है। वर्षों से यह आस्था जुड़ी हुई है कि इस पूजा के माध्यम से कर्मचारियों के साथ कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना ना हो और वे स्वस्थ व सुरक्षित रहें।
जब आयुक्त यादव को इस भावनात्मक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन की जानकारी मिली, तो उन्होंने खुद चिमनबाग चौराहा पहुंचकर पूजन में भाग लिया। उनका यह कदम न केवल कर्मचारियों के मनोबल को ऊँचा करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि नगर निगम प्रशासन अपने प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा और सम्मान के लिए संकल्पित है।
पूजन के उपरांत आयुक्त मुख्यालय स्थित रिमूवल ऑफिस भी पहुंचे, जहां उन्होंने नगर निगम की गाड़ियों का पूजन कर सफाई, ड्रेनेज और रिमूवल विभागों के कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, जोनल अधिकारी राज ठाकुर, रिमूवल प्रभारी बबलू कल्याणे सहित बड़ी संख्या में निगम कर्मचारी मौजूद थे।
यादव का यह मानवीय और संवेदनशील कदम कर्मचारियों के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है, और निश्चित ही निगम प्रशासन व कर्मचारियों के बीच आपसी विश्वास और संवाद को और मजबूत करेगा।
