Oct 26 2026 / 10:53 AM

इंदौर : आयुक्त यादव की सख्ती, सड़कों की गुणवत्ता से अब कोई समझौता नहीं

इंदौर। लगातार बारिश से शहर की सड़कों की हालत बिगड़ चुकी है, लेकिन अब हालात सुधारने के लिए नवागत नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने मोर्चा संभाल लिया है। आयुक्त ने साफ शब्दों में कहा है कि सड़क सुधार कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ होगा और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आयुक्त यादव ने निर्देश दिए हैं कि पूरे अक्टूबर माह तक पेंचवर्क अभियान चलेगा। इसके तहत सभी प्रमुख सड़कों, कॉलोनियों और गली-मोहल्लों की सूची बनाकर काम किया जाएगा। खास बात यह है कि आयुक्त ने आकस्मिक निरीक्षण करने की भी चेतावनी दी है, ताकि ठेकेदार और अफसर दोनों ही जवाबदेही से काम करें।

कल हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आने वाले त्योहारों से पहले शहर की सभी सड़कों को दुरुस्त किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिले। साथ ही उन्होंने गारंटी पीरियड वाली सड़कों की सूची तैयार करने को कहा, जिससे खराब हुई सड़कों को ठेकेदारों से ही ठीक कराया जा सके।

आज सुबह आयुक्त यादव ने मालवा मिल ब्रिज का अवलोकन किया और जल्द ही इसे यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए। इसके अलावा राजकुमार ब्रिज, चिमनबाग, स्मृति टॉकिज, सुभाष मार्ग, बड़ा गणपति, राजमोहल्ला, गंगवाल, लाबरिया भेरू, चंदन नगर से फूटी कोठी रोड तक का निरीक्षण किया। उन्होंने सिरपुर तालाब पर निर्माणाधीन 20 एमएलडी ट्रीटमेंट प्लांट और रामसर साइट पर इंटर पीटीशन सेंटर के कार्यों की प्रगति भी देखी और इन्हें तय समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

आयुक्त यादव ने कहा कि डामर की गुणवत्ता, फिनिशिंग और सड़कों का लेवल बराबर रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि बरसात में पानी न भरे और सड़कें लंबे समय तक टिकाऊ रहें। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम के जनकार्य समिति प्रभारी राजेन्द्र राठौर ने भी बताया कि आयुक्त की सख्त मॉनिटरिंग से अब सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में तेजी आई है।

इंदौर के नागरिकों को भरोसा है कि आयुक्त यादव की इस पहल से जल्द ही शहर की टूटी-फूटी सड़कें अतीत की बात होंगी और त्योहारों से पहले उन्हें एक बेहतर और सुरक्षित सफर का तोहफा मिलेगा।

Share With

मध्यप्रदेश