सराफा चौपाटी को चमकाने कमेटी तैयार: महापौर बोले – दीपावली तक हटेगा चाइनीज, लौटेगा देसी स्वाद
इंदौर की रातों की रौनक, सराफा चौपाटी को अब नया लुक मिलने जा रहा है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अगुवाई में एक खास कमेटी बनाई गई है जो सराफा की व्यवस्था को और बेहतर बनाएगी। मकसद साफ है – दीपावली तक सराफा को ऐसा नया रूप देना है जो पारंपरिक भी हो और व्यवस्थित भी।
इस कमेटी में निगमायुक्त को सचिव बनाया गया है, और साथ ही सराफा के व्यापारियों, स्थानीय रहवासियों, पुलिस और प्रशासन के अफसरों को भी जगह दी गई है।

फास्ट फूड-चाइनीज की छुट्टी, देसी जायकों की वापसी
महापौर ने साफ किया कि अब चौपाटी पर वही दुकानें लगेंगी जो पारंपरिक भारतीय व्यंजन परोसेंगी। मतलब अब चाइनीज और जंक फूड की दुकानों को हटाया जाएगा। निगम का मार्केट और रिमूवल विभाग मिलकर इस पर एक्शन लेंगे।
सिस्टम में टाइम टेबल और सिक्योरिटी फुल ऑन
चौपाटी पर दुकानें कब लगें और कैसे लगें – इसका टाइम फिक्स किया जाएगा। अब व्यापारी मनमर्जी से शाम से पहले दुकानें नहीं सजा सकेंगे। इससे सोने-चांदी के असली व्यापार को भी राहत मिलेगी, जो अक्सर भीड़ और अव्यवस्था से परेशान रहते हैं।

एक साइड दुकान, दूसरी साइड सफाई
नई व्यवस्था के तहत दुकानें अब सिर्फ सड़क की एक ओर ही लगेंगी। इससे ट्रैफिक भी सुचारू रहेगा और आम लोगों को भी चलने में आसानी होगी। अभी दोनों ओर दुकानें लगने से काफी अव्यवस्था हो जाती है।
कौन-कौन है इस काम में शामिल?
- महापौर (अध्यक्ष)
- नगर निगम आयुक्त (सचिव)
- क्षेत्रीय विधायक
- सराफा व्यापारी संघ के अध्यक्ष एवं महामंत्री
- चौपाटी संगठन के पदाधिकारी
- स्थानीय एसडीएम
- पुलिस प्रतिनिधि
- रहवासियों का प्रतिनिधि
- महापौर परिषद सदस्य
- राजस्व विभाग के अपर आयुक्त
महापौर भार्गव का कहना है – “सराफा इंदौर की पहचान है, इसे और चमकाएंगे। देसी स्वाद लौटेगा, अव्यवस्था हटेगी और दीपावली तक लोग नया सराफा देखेंगे।”
